औरैया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधि मंडल सांसद सुब्रत पाठक से मिला और उन्हें पांच सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि यदि शीघ्र उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया। तो वह लोग प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
संगठन के जिलाध्यक्ष उमाकांत दीक्षित ने सांसद को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि हर समय शिक्षक सरकार के साथ होता है। शासन की योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाने के अलावा जनता को शिक्षित करने में शिक्षक अहम योगदान निभाता आ रहा है। ऐसे में सरकार को शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निराकरण करना चाहिए। कोरोना के चलते स्कूलों के बंद रहने से वित्तविहीन शिक्षकों को वेतन न मिलने से उनकी स्थिति प्रवासी मजदूरों से भी बदतर हो गई है, शीघ्र उनके मानदेय दिए जाए।
वर्ष 2005 के बाद के नियुक्ति शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित किया जाए, डीआईओएस कार्यालय में स्टाफ की कमी को दूर किया जाए, डीआईओएस की तानाशाही पूर्ण कार्यों से जनपद के शिक्षकों का वेतन इस कोरोना काल में भी समय से नहीं मिल पा रहा है। राज्य सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत अनुदेशकों को मानदेय में वृद्धि की जाए और उनकी सेवाएं स्थानी की जाएं। इस दौरान प्रदेशीय संरक्षक प्रेमनरायन दुबे, जिला मंत्री होशियार सिंह राजपूत, गौरव यादव आदि शिक्षक नेता मौजूद रहे।