औरैया। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में शिक्षकों ने मंगलवार को विद्यालयों में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। समस्या का समाधान न होने पर शिक्षक 11 मार्च को प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने और स्कूल के सभी रजिस्टर को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए थे। शिक्षक संघ इसका विरोध कर रहा है। शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में संसाधन उपलब्ध कराए बगैर जबरन डिजिटलाइजेशन का दवाब बनाया जा रहा है।
शिक्षक सभी विद्यालयों में विभागीय आईडी का सिम, इंटरनेट की सुविधा, शिक्षक भविष्य निधि का खाता ऑनलाइन कराने, पुरानी पेंशन बहाली, ईएल आदि की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश चतुर्वेदी ने कहा कि संसाधन उपलब्ध न कराने और मांगे पूरी न होने तक शिक्षकों का विरोध जारी रहेगा। 11 मार्च को प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम पर ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा जाएगा।