फोटो 16 एयूआरपी 06- खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी से सम्मान प्राप्त करते शिक्षक मनीष
- फोटो : AURAIYA
औरैया। राज्य अध्यापक पुरस्कार से पुरस्कृत शिक्षक मनीष कुमार को बुधवार को लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में यूथ आइकॉन अवार्ड से नवाजा गया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपेंद्र तिवारी ने उन्हें यह अवार्ड देकर सम्मानित किया।
युवा महोत्सव में सभी प्रदेशों से युवाओं ने हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले से दो यूथ आइकॉन राष्ट्रीय स्तर पर भेजे गए थे। इनमें मनीष कुमार एकमात्र ऐसे प्रतिभागी रहे, जिन्हें विज्ञान संचार के लिए यूथ आइकॉन का अवार्ड प्रदान किया गया।
औरैया जिले के विज्ञान शिक्षक मनीष कुमार बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों को नवाचारी ढंग से प्रशिक्षित करने, बच्चों में विज्ञान विषय को रुचिकर बनाने व अब तक देश भर के 15 राज्यों के शिक्षकों व बच्चों को अपने शैक्षिक नवाचारों से लाभान्वित करा रहे हैं। मनीष कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान संचारक के रूप में विज्ञान संचारण ही उनका ध्येय बन चुका है। मनीष की इस उपलब्धि पर बीएसए एसपी सिंह व जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बधाई दी है।