फफूंद (औरैया)। टप्पेबाजों ने सराफ की दुकान से सोने का पेंडल पार कर दिया। एक टप्पेबाज भाग गया जबकि दूसरे की दुकानदारों व लोगों ने पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सोमवार शाम चार बजे के करीब फफूंद कस्बे के मुख्य बाजार चमनगंज में दीपक ज्वैलर्स की दुकान पर दो युवक जेवर देखने पहुंचे। दुकानदार ने बताया कि उन्हें सोने के पेंडल की डिब्बी देखने के लिए दी। इसके बाद वह अन्य ग्राहकों में व्यस्त हो गया। इसी बीच दोनों ने पैंडल से भरी डिब्बी पार कर दी। ज्वैलर्स की दुकान के सामने गारमेंट्स दुकानदार हरिओम पोरवाल की नजर टप्पेबाजों पर पड़ गई और उसने दुकान से ही शोर मचा दिया। बाजार में मौजूद लोगों ने एक को पकड़ कर धुनाई कर दी।
दीपक ने बताया कि पैंडल की डिब्बी में करीब 25 ग्राम सोना था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टप्पेबाज को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम सलमान अली निवासी गायत्री कालोनी जिला रायपुर मध्य प्रदेश बताया। थाना प्रभारी ने बताया कि टप्पेबाज से जेवर की डिब्बी बरामद हुई है।