घटना की जानकारी देती वंशिका व पिता राजेश शर्मा, साथ में अन्य परिजन। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर के मोहल्ला गायत्री नगर में हर्बल शैंपू की गुणवत्ता दिखाने के दौरान दो टप्पेबाज आभूषण साफ करने का बहाना कर पांच लाख के जेवर पार कर ले गए। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।
गायत्री नगर निवासी वंशिका शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे वह अपने पिता राजेश शर्मा के साथ घर पर थी। तभी दो अज्ञात व्यक्ति घर पर आए। उन्होंने हर्बल शैंपू बेचने के नाम पर उसकी गुणवत्ता दिखानी शुरू की। फिर उन्होंने उससे आभूषण साफ कर दिखाने के लिए कहा।
इस पर उसने अपने तीन तोले के दो कंगन, हार, मंगलसूत्र के अलावा मां के कान के बाले, तोड़ियां एक टिफिन में डाल दीं। फिर उन व्यक्तियों ने टिफिन में हर्बल शैंपू डालकर उसमें पानी डाला और टिफिन पर ढक्कन लगा दिया। इसके बाद टिफिन को गैस पर गर्म करने के लिए कहा। राजेश शर्मा उस व्यक्ति को किचन में ले गए। वहां उसने टिफिन को गैस पर रख दिया।
इसके बाद टप्पेबाज उनसे पड़ोस के घर से कार्ड लाने की बात कहकर चला गया। वंशिका ने बताया कि जब दस मिनट तक वह नहीं लौटा तो उसने टिफिन को गैस से उतारकर जब उसका ढक्कन खोला तो जेवर गायब थे। पिता राजेश को बताया तो वह इधर-उधर खोजने लगे पर टप्पेबाज भाग चुके थे। पिता ने तुरंत यूपी 112 पुलिस को फोन से सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की।
पीड़ित राजेश ने बताया कि वह ट्रैवल्स एजेंसी चलाते हैं। उसकी पुत्री वंशिका की 22 जनवरी को भिंड में शादी हुई थी। अभी चार दिन पहले ही गुरुवार को वह अपनी ससुराल से मायके आई थी। वंशिका और उसकी मां के जेवरों की अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा टप्पेबाजों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।