औरैया। शहर में दूसरे दिन भी 10 मोहल्लों में पीने के पानी का संकट बना रहा। नगर पालिका एक नलकूप की मोटर ठीक कर तीन मोहल्लों की आपूर्ति बहाल कर सका। वहीं, ट्रांसफार्मर ठीक न होने से नगर पालिका परिसर में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
नगर पालिका में लगे ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से तीन नलकूपों की पानी की मोटर (मशीनें) जल गईं। रविवार सुबह पुराने नुमाइश मैदान के नलकूप की एक मोटर ठीक कर तिलक नगर, ब्रम्हनगर, सत्तेश्वर की आपूर्ति बहाल की गई। जबकि, इसी परिसर में लगी दूसरी मोटर व नगर पालिका परिसर में लगी मोटर ठीक नहीं हो सकी। जिससे रविवार को पूरे दिन रुहाई, गुरुहाई, गुमटी, ठठराई, बहनटोला, बदनपुर, खिड़की साहबराय, परिहार टोला, तकिया, दिल्ली दरवाजा समेत 10 मोहल्लों में पेयजल संकट बना रहा।
लोगों को उम्मीद थी कि रविवार सुबह तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी। मगर बिजली का ट्रांसफार्मर व नलकूप की मोटर ठीक न होने से समस्या बनी रही। लोग पीने के पानी के लिए इधर उधर भटकते नजर आए। दोपहर बाद बिजली विभाग के कर्मचारी नगर पालिका परिसर पहुंचे और खराब ट्रांसफार्मर ठीक करने में जुटे। हालांकि देर शाम तक न तो मोटर ठीक हो सकी और न ही ट्रांसफार्मर। इससे नगर पालिका की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
बोले जिम्मेेदार
बिजली की समस्या के चलते तीन नलकूप की मोटर फुंक गई थी। इनमें से एक को शनिवार देर शाम ठीक करा लिया गया था। कुछ मोहल्लों में आपूर्ति बहाल हो गई है। दोनों मोटर ठीक कराई जा रही है। जल्द ही समस्या दूर की जाएगी। जिन स्थानों पर अधिक समस्या है वहां पर टैंकर भेज दिए गए हैं।- रामआसरे कमल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, औरैया।