एसडीओ कार्यालय पर ताला डालती आक्रोशित महिलाएं।
- फोटो : amar ujala
एक पखवारे से बिजली की समस्या से जूझ रही महिलाओं का सब्र गुरुवार को टूट गया। एसडीओ कार्यालय पहुंचीं महिलाओं ने सामान उलट-पलट दिया और वहां ताला लगा दिया। इसके बाद एक नंबर बिजली उपकेंद्र पर पहुंचकर तोड़फोड़ की। बिजली कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। सूचना पर यूपी 100 और एक्सईएन मौके पर पहुंचे। तत्काल समस्या निस्तारण का निर्देश होने पर महिलाएं मानीं। कोतवाली क्षेत्र में खानपुर चौराहे के पास स्थित प्रेमानंद आश्रम कालोनी में पिछले एक पखवारे में लगातार दो बार ट्रांसफार्मर जलने से उपभोक्ता परेशान हैं।
भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर न बदले जाने से बिलखते बच्चों को देख महिलाओं में क्रोध जाग गया। आक्रोशित महिलाओं ने दोपहर लगभग 2 बजे एसडीओ कार्यालय पहुंचकर हंगामा मचा दिया। महिलाओं ने कार्यालय में रखे रजिस्टर आदि सरकारी दस्तावेज फेंक दिए। अचानक महिलाओं का गुस्सा देख कर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी भाग खड़े हुए। महिलाओं ने एसडीओ कार्यालय पर ताला डाल दिया। इसके बाद महिलाओं ने एक नंबर बिजली उपकेंद्र पर धावा बोल दिया।
यहां भी महिलाओं ने पानी भरे मटके को जमीन पर पटककर तोड़ दिया। केंद्र पर रखे रजिस्टर, हेलमेट व अन्य उपकरणों, कुर्सियों को फेंक दिया। भारी संख्या में महिलाओं को देख केंद्र पर मौजूद लाइन मैन व एसएसओ वहां से भाग लिए। इस दौरान बिजली कर्मियों ने यूपी 100 को फोन से सूचना दी। ठीक उसी समय जेई एसके मौर्या भी बिजली उपकेंद्र पहुंचे। जहां पर महिलाओं ने उन्हें जमकर खरीखोटी सुनाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं व एक्इर्सएन बिजली आरबी चौधरी से बात की।
जानकारी मिलते ही एक्सईएन आरबी चौधरी ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं से उनकी समस्या पूछी और तत्काल अधिकारियों को उनका निदान कराने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी सभी समस्याओं का समाधान न किया गया तो अगली बार इससे भी ज्यादा संख्या में आकर अधिकारियों की खैर खबर लेंगे।