फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: चार घंटे की बारिश से गलियां उफनाईं, जगह-जगह जलभराव

Mon, 26 Jun 2023 12:46 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
विज्ञापन
औरैया। शहर व कस्बों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक बारिश हुई। इस दौरान चोक नालियां उफना गईं। जलनिकासी अवरुद्ध होने की वजह से लोगों के घरों में पानी भर गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में यह परेशानी देखने को मिली। सड़क पर भी पानी उतराता नजर आया। बारिश के दौरान सड़क पर चार घंटे तक वाहनों का आवागमन लगभग बंद रहा।
विज्ञापन

एक सप्ताह से आसमान में छाए बादल रुक-रुककर बरस रहे है। शनिवार को निकली चटक धूप व उमस के बीच लोगों का हाल बेहाल रहा। जबकि रविवार सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। नौ बजे के करीब तेज गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश की दस्तक हुई। लोग जहां के तहां थम गए। चार घंटे तक दोपहर एक बजे के बाद बारिश थमी तो लोगों का आवागमन सुचारू हुआ। इसी बीच गलियां गंदे पानी से उफना गईं।
बाजार से लेकर प्रतिष्ठानों में बारिश से बचाव के इंतजाम में लोग जुटे रहे। घरों में घुसे पानी को लोगों ने बाल्टी व अन्य बर्तनों से उड़ेलकर बाहर किया। इस दौरान लोग नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था को कोसते नजर आए। आवास विकास में तो गलियों पानी में डूब गई। लोग घरों में कैद हो गए। कानपुर रोड पर ब्रह्मनगर को जाने वाली गली में चोक हुए अंडरग्राउंड पाइप को खाली करने में नगर पालिका के कर्मचारी डटे रहे। दो घंटे की मशक्कत के बाद पाइप में जमा कूड़े को हटाते हुए पानी का बहाव ठीक किया जा सका। नरायनपुर, इंदिरा नगर नई बस्ती, बनारसीदास, तकिया, गोविंद नगर में बारिश का पानी घरों के अंदर घुसने से लोग खासे परेशान हुए।
विज्ञापन

रुरुगंज, बिधूना व ऐरवाकटरा में जलमग्न हुईं सड़कें
चार घंटे की बारिश में औरैया शहर से लेकर अन्य कस्बों की सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश थमने के बाद गंतव्य के लिए निकले वाहन चालकों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। रुरुगंज, बिधूना व ऐरवाकटरा में सड़क के ऊपर घुटनों तक पानी भरा रहा। कुछ देर बाद निकासी ठीक होते ही पानी का स्तर गिर गया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मक्के की बोई गई फसल पर बारिश ने फेरा पानी, बह गया बीज
बिधूना। रविवार सुबह से शुरू हुई बारिश ने धान के किसानों के चेहरे की रौनक बढ़ा दी। धान की नर्सरी के लिए किसान खेत को ठीक करने में जुटे रहे। दूसरी ओर मक्का बोने वाले किसानों को निराशा हाथ लगी। एक-दो दिन पहले बोया गया बीज झमाझम बारिश में बह गया। जलभराव हो जाने से बिधूना क्षेत्र के सैंकड़ों गांवों में मक्के की बोई गई हजारों बीघा फसल नष्ट हो गई। अब किसान दोबारा से मक्का की फसल बोएंगे।
चार घंटे में हुई 25 एमएम बारिश, गर्मी से मिली निजात
रविवार को आसमान में छाए बादलों ने सुबह से ही मौसम को खुशगवार बना दिया था। फिर देखते ही देखते रिमझिम बारिश की बूंदों ने दस्तक दी। इसके बाद झमाझम शुरू हुई बारिश ने चार घंटे तक शहर को चारों तरफ से पानी से सराबोर कर दिया। रविवार को हुई बारिश के संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र, परवाहा के कृषि वैज्ञानिक डॉ अनंत कुमार ने बताया कि बारिश बहुत ही अच्छी हुई है। आज लगभग 25 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। बताया कि अभी पानी गिरने की संभावनाएं पूरी तौर पर देखी जा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें