बैठक में कार्यक्रम की जानकारी देते पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता व अन्य। संवाद
औरैया। नगर पालिका परिषद में स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने की। इसमें नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी स्वच्छता महाअभियान की रूपरेखा तय की गई। पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि यह विशेष अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्तूबर तक लगातार एक महीने तक चलाया जाएगा। कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है, लेकिन यह लक्ष्य बिना जनभागीदारी और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग के पूरा नहीं हो सकता।
महीने भर चलने वाले इस कार्यक्रम में वार्ड स्तर पर सफाई अभियान, जागरूकता रैलियां और श्रमदान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में मौजूद अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ तंग गलियों और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस मौके पर सफाई निरीक्षक आशीष पांडेय, सभासद, पालिका के कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए अभियान में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।