सुभाष चौराहे पर बीती रात वर्दी पहने पुलिस कर्मी को महिला ने पीटना शुरू कर दिया। आक्रोशित महिला का गुस्सा अपने सिपाही पति पर इस कदर फूटा कि महिला ने सरेराह चप्पलों व थप्पड़ से उसे बेइज्जत कर डाला। सिपाही को पिटता देख चौराहे पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया।
गुुरुवार रात जीआरपी आगरा में तैनात पुलिसकर्मी हिमांशु दीक्षित निवासी श्याम नगर, कानपुर अपनी पत्नी के साथ दिबियापुर से औरैया के लिए रोडवेज पर सवार होकर आ रहा था।
किसी बात को लेकर सिपाही व पत्नी का विवाद हो गया। इस पर सिपाही हिमांशु ने बस में ही पत्नी की पिटाई करनी शुरू कर दी और औरैया तक पीटता रहा। पति की पिटाई से परेशान सवारियों ने दोनों को सुभाष चौराहे पर उतार दिया।
सिपाही ने सुभाष चौराहे पर भी उसकी पिटाई शुरू कर दी तो महिला ने अपना आपा खो दिया और सिपाही पति की थप्पड़ों से पिटाई की। खाकी वाले की पिटाई होते देख चौराहे पर मजमा लग गया।
देखते ही देखते पत्नी ने उसको चप्पलों व थप्पड़ों से पीटा। बीचबचाव के लिए पहुंचे लोग महिला के क्रोध के सामने सिपाही को बचाने में बेबस नजर आए।
महिला ने पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका दहेज उत्पीड़न का मुकदमा चल रहा है। समझौता कराए जाने के लिए उसे बुलाया था और उसकी बस में ही पिटाई की। मामले की जानकारी होने पर पब्लिक ने भी उसकी पिटाई की।
पुलिसकर्मी की इस करतूत की जब सूचना महिला ने अपने भाई व पिता को दी तो चौराहे पर उन्होंने पहुंचकर पिटाई की और वर्दी फाड़ने का प्रयास किया। बीच चौराहे पर हंगामा होने की सूचना पर पहुंचे कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
इस संबंध में कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि पहले से ही पति-पत्नी का विवाद चल रहा था। दोनों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं।