औरैया। संविधान की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर संविधान ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन तिलक महाविद्यालय में किया गया। जिसमें विजेता टीम को पुरस्कार देकर अतिथियों ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ निर्णायक मंडल ने प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी देकर किया।
शहर में स्थित तिलक महाविद्यालय में शनिवार को संविधान ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज) का आयोजन भारतीय संविधान की अवधारणा एवं मूल अधिकार विषय पर किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अविनाश चंद्र गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि देश को चलाने के लिए संविधान के नियमों का पालन करना जरूरी है, तो वहीं हर व्यक्ति को संविधान ने उसको अधिकार भी दिए हैं। इसकी जानकारी हर व्यक्ति को होने की चाहिए। संविधान के द्वारा व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार मिला है।
इसके बाद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। ग्रुप सी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसमें कल्पना, अंशिका व प्रिया शामिल रहीं, जबकि दूसरे स्थान पर ग्रुप बी रहा। जिसमें माधवी, स्तुति पांडेय शामिल रहीं। तीसरे स्थान पर ग्रुप एच रहा। इस ग्रुप में आर्यन सोनी, सुधाकर, पंकज शामिल थे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों को नियमों की जानकारी दी। निर्णायक की भूमिका प्रो. विवेक गुप्ता, प्रो.धनंजय, प्रो. अमित सिंह, डा. अनुपमा वर्मा, डा. प्रीति बाधवानी ने निभाई। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विजेता टीम के प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डा. अंशुल दुबे ने किया।