संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। दीपावली को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। इमरजेंसी ड्यूटी पर स्टाफ को अलर्ट कर दिया गया है। ऑनकॉल विशषेज्ञ चिकित्सक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नाइट ड्यूटी के लिए भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से कहा गया है। साथ ही बर्न वार्ड की व्यवस्थाएं भी दुरूस्त कर दी गई है। स्टाफ सर्जन के साथ स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय की ड्यूटी लगा दी गई है।
दीपावली पर आतिशबाजी के पटाखों से झुलसने की घटनाएं हो जाती है। इसके अलावा खानपान से भी लोग बीमार हो जाते हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय ने बताया कि इमरजेंसी में आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी (ईएमओ) के साथ परामर्शदाता चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। यह चिकित्सक अपनी ड्यूटी दिवसों के दौरान वार्डों का भी निरीक्षण करेंगे और सुचारू सेवाएं सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने बताया कि डॉ. शक्ति मिश्रा, डॉ. आदिल, डॉ. राम द्विवेदी, डॉ. बीपी सिंह, डॉ. संजीव अग्रवाल जैसेे विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा बर्न वार्ड में भी सर्जन की तैनाती की गई है। इसमें सर्जन डॉ.कृष्ण प्रताप सिंह, डॉ. आदिल व डॉ. रंजीत सिंह परिहार की ड्यूटी लगाई गई है। उनके साथ स्टाफ नर्स, वार्ड ब्वाय व स्वच्छ की ड्यूटी लगाई गई है।
एंबुलेंस सेवा के प्रोजेक्ट मैनेजर शबाब अहमद ने बताया कि एंबुलेंस सेवा भी अलर्ट मोड पर रखी जाएगी। स्टाफ को कहा गया है कि सूचना मिलने पर तत्काल पीड़ित को नजदीकी या उच्च सेंटर पर ले जाए। 102, 108 व एडवांस लाइफ सपोर्ट की सेवाएं अलर्ट मोड पर रहेगी।
दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, चित्रगुप्त जयंती पर जिले में कानून एवं व्यवस्था और आकस्मिक घटना पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम बनाकर ड्यूटी लगा दी गई है। कंट्रोल रूम नंबर 05162-257090 में हर शिफ्ट में तीन तीन कर्मचारी रहेगी। पहली शिफ्ट सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक होगी। जबकि तीसरी शिफ्ट रात दस बजे से सुबह छह बजे तक की होगी। कंट्रोल रूम का प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा मोबाइल नंंबर 9454463446 को बनाया गया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने बताया कि प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कराएंगे। किसी तरह की अपरिहार्य स्थिति होने पर उन्हें अवगत कराएंगे। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। (संवाद)