समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसको शत प्रतिशत पूरा कर दिया है। समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी जनहित योजनाओं को ईमानदारी से लागू किया गया है।
यह बात गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान सपा के सपा जिला महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता एवं पदाधिकारियों ने कही। कहा कि पार्टी संगठन ने वर्ष 2017 में प्रस्तावित प्रदेश के विधान सभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है।
आज से जनपद में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। बताया कि पहले दिन गुरुवार को बिधूना ब्लाक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठनात्मक समीक्षा की गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि सात फरवरी को अजीतमल ब्लाक का सम्मेलन पुराने बस स्टैंड पर, 10 फरवरी को सहार ब्लाक का सम्मेलन नत्थू सिंह इंटर कालेज में, ब्लाक भाग्यनगर का सम्मेलन 12 फरवरी को जिला मुख्यालय ककोर स्थित सपा जिला कार्यालय में होगा।
15 फरवरी को एरवाकटरा ब्लाक मुख्यालय के पास, 16 फरवरी को औरैया ब्लाक का सम्मेलन खानपुर चौराहा स्थित पुराने पार्टी कार्यालय में होगा। 22 फरवरी को अछल्दा ब्लाक का सम्मेलन नहर कोठी अछल्दा में होगा।
नेताओं ने बताया कि पांच से लेकर 22 फरवरी तक ब्लाक स्तरीय सम्मेलन में संगठन के जिला पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियाें के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य रामवृक्ष यादव विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश ओझा, शरीफ खां ठेकेदार, जिला मीडिया प्रभारी अवधेश भदौरिया आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।