स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के तहत शनिवार को डीएम ने गोद लिए गांव लछियामऊ में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने कुपोषण को जड़ से नष्ट करने और जागरूकता फैलाने पर महिलाओं और बच्चों को पुरस्कृत किया।
सहार विकास खंड के गांव लछियामऊ के उच्च प्राथमिक परिसर में डीएम माला श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों का स्वास्थ्य जांचना हमारी प्राथमिकता है। बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं। आंगनबाड़ी, आशा बहू अपने दायित्वों को समझें। प्रत्येक घर में शौचालय जरूरी है। गंदे पानी की निकासी के लिए उचित प्रबंध हो।
गांव में घूरे और कंडों ढेर लगे होने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एसडीएम बिधूना, मदनचंद्र दुबे, नेकपाल, हीरालाल, ग्राम पंचायत अधिकारी को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव की साच्ची और वंदना की साफ-सफाई पर सुनाई गई कविता पर 500-500 रुपये नगद पुरस्कार दिया। उन्होंने गांव की महिलाएं आरती व सोनाक्षी को महिलाओं में जागरूकता फैलाने के लिए 500 रुपये का ईनाम दिया। चौपाल में डीपीआरओ ने लछियामऊ व उसके मजरों में शीघ्र सफाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्थानीय ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।