दिबियापुर। थाना क्षेत्र के उमरी गांव में सोमवार को सांप पकड़ने गए एक सपेरे की सांप के डसने से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके पर बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। समय पर इलाज न मिलने के कारण सपेरे ने दम तोड़ दिया।
कैंजरी गांव निवासी रामकुमार नाथ (35) सोमवार को उमरी गांव में एक घर से सांप पकड़ने गए थे। सांप पकड़ने के दौरान सांप ने रामकुमार को दो बार डस लिया। इससे उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि रामकुमार की हालत बिगड़ती देख मौके पर मौजूद लोग उन्हें अस्पताल नहीं ले गए, बल्कि मौके से भाग निकले। मृतक के पिता की दस साल पहले मौत हो चुकी थी। रामकुमार अपने चार भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनकी बहन की शादी हो चुकी थी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के प्रधान ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने की बात कही। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि सपेरे की मौत की सूचना थाने में नहीं दी गई है।