औरैया। विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ मंगलवार को कलक्ट्रेट में बैठक की गई। इसमें जनपद के नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाने का फैसला लिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वह अपने-अपने बीएलए को निर्देश दें कि 18 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान में हिस्सा लें।
इस दौरान अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। मतदाताओं को जारी नोटिस की सुनवाई के लिए आयोग द्वारा अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। वह अपेक्षित अभिलेखों के साथ नामित अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रख सकते हैं।
बैठक में एडीएम न्यायिक नीरज प्रसाद, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बापू गौतम, बसपा पार्टी प्रभारी हरपाल सिंह पाल, भाजपा जिला संयोजक अमर चंद राठौर, कांग्रेस पार्टी जिला सचिव शोभित त्रिपाठी, सीपीआईएम पार्टी सदस्य हरिश्चंद्र गुप्ता, जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी रावेंद्र कुमार मौजूद रहे। (संवाद)