अछल्दा (औरैया)। मुख्य अभियंता रामगंगा कमांड कानपुर एके सेंगर ने शनिवार को दिबियापुर से अछल्दा के बीच में जारी नहर चौड़ीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नहर चौड़ीकरण का कार्य करा रहे संबंधित ठेकेदार को नहर से निकली सिल्ट को हटाने व तेज गति से कार्य निपटाने के निर्देश दिए।
चौड़ीकरण में मशीनों द्वारा नहर से सिल्ट निकाली जा रही है, जो नहर की पटरी पर ही पड़ी हुई है। कई जगह तक सिल्ट नहर पटरी पर बनी सड़क तक आ गई है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह को निर्देश दिया कि नहर पटरी व नहर पुल की सड़क किनारे अतिक्रमण को तत्काल हटाने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता इटावा डीके तिवारी, सहायक अभियंता दिनेश चंद्र, अवनीश यादव, सतीश कुमार, अवर अभियंता सर्वेश कुमार यादव, हरिश्चंद्र व केपी सिंह आदि मौजूद रहे।