औरैया। दीपावली पर्वरीर जिले भर में इलेक्ट्रानिक बाजार सजकर तैयार हो चुके है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उन्हें उपहार और कई तरह की स्कीम दुकानदारों की ओर से दी जा रही है। ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है।
इलेक्ट्रानिक दुकानों पर उपकरणों की खरीद के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ सुबह से लेकर देर रात तक देखने को मिल रही है। उपकरणों की खरीद पर छूट के साथ ही अन्य उपहार ग्राहकों को दिए जा रहे है। बताया कि कुछ दिन पहले ऑनलाइन शॉपिंग ने दुकानों की बिक्री कम कर दी थी। लेकिन उमड़ी भीड़ से इलेक्ट्रॉनिक बाजार झूमने लगा है। इस माह में शहर का इलेक्ट्रॉनिक कारोबार डेढ़ करोड़ के पार देखने को मिला है।
न्यू शुक्ला रेडियो के मालिक रिंकू शुक्ला ने बताया कि फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सी आदि उपकरणों की खरीद हो रही है। सबसे अधिक एलईडी टीवी की मांग इस बार अधिक देखने को मिली है। किशन रेडियो प्रतिष्ठान के मालिक प्रशांत गुप्ता ने बताया कि विभिन्न कंपनियों ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की खरीद पर ग्राहकों को विभिन्न प्रकार की स्कीम दे रही हैं। साथ ही साथ कीमतों में भी कमी देखने को मिली है।
पिछले साल की अपेक्षा इस बार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बुकिंग काफी पहले से की गई है। ग्राहकों ने दिवाली पर उपकरणों को घर ले जाने की जानकारी दी गई है। नवरात्र के बाद से ही अच्छी खरीद देखने को मिली है।- अजय प्रताप सिंह, अजय इलेक्ट्रॉनिक शोरूम मालिक
-
इलेक्ट्रॉनिक कारोबार उम्मीद से अधिक तेजी से दौड़ने लगा है। इस कारोबार से जुड़े लोग पर्वों को लेकर तैयारी कर चुके थे। लेकिन ऑनलाइन शॉपिंग के कारण उम्मीदें कम थी। लेकिन ग्राहकों की उमड़ी भीड़ ने बाजार में रौनक लाई है।- राहुल दुबे, इलाइट इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम मालिक
-
उपकरण खरीदें या न खरीदें फ्री मेहंदी लगवाएं
ग्राहकों को शोरूम तक लाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक शोरूम मालिकों ने कई तरह की स्कीम प्रयोग में लाई जा रही है। कुछ शोरूम मालिकों ने करवाचौथ पर्व को देखते हुए 24 घंटे पहले से ही फ्री मेहंदी लगवाओ की व्यवस्था की। शोरूम मालिकों ने उपकरण खरीदें या न खरीदें। पर्व पर खुशियां बढ़ाने के लिए फ्री में मेहंदी लगवाएं। इस योजना के पीछे शोरूम मालिक की मंशा है कि महिलाएं शोरूम पर आएंगी। आज नहीं तो कल वह जरूर कोई न कोई उपकरण की खरीद करेंगी। शोरूम प्रचार का यह एक अच्छा तरीका निकाला गया है।