अजीतमल (औरैया)। कस्बे में उस समय माहौल खराब होते-होते बचा जब एक मंदिर पर शंकर जी के परिवार सहित अन्य मूर्तियां पूरी तरह गायब मिलीं। मोहल्ले के लोगों ने बजरंग दल के सदस्यों के साथ जब तलाश की तो दीवार के अंदर मूर्तियां मिलीं। बवाल होने की खबर पाकर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी सहित भारी पुलिस बल ने लोगों को शांत कराया। मूर्तियों को पुन: स्थापित कराया गया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कस्बा स्थित मोहल्ला शिवाजी नगर में एक बहुत पुराना कुआं है, इसे बंद करा दिया था। ऊपर से लेंटर डलवा दिया था। मोहल्ले के लोगों ने चंदे में पैसा बचने के चलते उस पर शिव परिवार सहित हनुमान जी की मूर्ति को स्थापित करा दिया था। मंगलवार को लोगों ने उस चबूतरे पर लगीं मूर्तियों को गायब देखा तो लोग एकत्रित होने लगे और जब मूर्तियों की तलाश की गयी, तो चबूतरे के सामने ही एक दीवार में सभी मूर्तियों को बंदकर ऊपर से ईंटों से बंद कर दिया गया था। ईंटें हटवाकर मूर्तियां निकलवाई गईं। मूर्ति टूटने और बवाल होने की सूचना पर मौके पहुंचे एसडीएम अजीतमल रामजीवन, अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित, क्षेत्राधिकारी कमलेश पाण्डेय, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार, सहित भारी पुलिस बल ने लोगों को शांत किया एवं शंकर परिवार सहित हनुमान जी की मूर्ति को पुन: स्थापित कराया। रिंकू कठेरिया और संजय सिंह चौहान ने तहरीर दी है कि मोहल्ले के प्रमोद पुत्र बाबूराम, पीयूष पुत्र प्रमोद, राजेश पुत्र कैलाश, अभिनव पुत्र राजेश ने मूर्तियों को गायब किया है। लोगों के घरों पर पुलिस ने दबिश दी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कमलेश पाण्डेय ने बताया कि कुछ अराजक तत्वों ने भगवान की मूर्तियों को उखाड़कर गायब कर दिया था, जिन्हें पुन: स्थापित कराया गया, तथा सुरक्षा की दृष्टि से दो सिपाहियों को तैनात किया गया है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।