स्टेशन पर पेड़ की छांव में बैठ कर इंतजार करते यात्री।
- फोटो : amar ujala
शिकोहाबाद से कानपुर जाने वाली शुक्रवार को शटल पैसेंजर ट्रेन रद कर दी गईं। कानपुर व अन्य स्टेशन को जाने के लिए यात्री घंटों स्टेशन पर इंतजार करते रहे। इसके बाद ट्रेन रद की सूचना मिलने पर यात्री अन्य संसाधनों से गंतव्य की ओर रवाना हुए। अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक मरम्मत का कार्य तीन दिन और चलेगा। लखनऊ स्टेशन पर ट्रैक बदलने का काम चल रहा है। इसके चलते गुरुवार की शाम लखनऊ से शिकोहाबाद तक जाने वाली पैसेंजर ट्रेन लखनऊ से निरस्त कर दी गईं। रात में भी यात्री खासे परेशान हुए।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे शिकोहाबाद से कानपुर जाने वाली शटल के लिए यात्री स्टेशन पर घंटों इंतजार करते रहे। जब ट्रेन नहीं आई तो लोगों ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर से की। स्टेशन मास्टर ने यात्रियों को ट्रेन रद होने की जानकारी दी।
स्टेशन मास्टर विनोद कुमार बताया कि लखनऊ स्टेशन पर ट्रेक प्वाइंट बदले जाने का कार्य चल रहा है। कार्य तीन दिन तक और चलेगा। इससे लखनऊ से आने जाने वाली ट्रेनें प्रभावित होगी। गुरुवार शाम को कानपुर से शिकोहाबाद आने वाली शटल को देरी की वजह से रद कर दिया गया। एक घंटे की देरी से आई टूंडला कानपुर जाने वाली ट्रेन से यात्री गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके अलावा कई यात्री अन्य संसाधनों से भी गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे।