दिबियापुर। दिबियापुर क्रिकेट क्लब (डीसीसी) की ओर से आयोजित आशा ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला एमटी सुपर किंग्स तथा एसएचएफ वॉरियर्स की टीमों के बीच हुआ। एसएचएफ वॉरियर्स ने मैच चार रनों से जीत लिया।
सेहुद स्थित जनता महाविद्यालय के मैदान में एमटी सुपर किंग्स के कप्तान पुनीत दीक्षित ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। एसएचएफ वारियर्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। टीम ने 15 ओवर में छह विकेट खोकर 105 रन बनाए।
एसएचएफ वॉरियर्स के कप्तान अभिनेंद्र दीक्षित उर्फ आरडीएक्स ने 23 गेंदों पर 37 रन बनाए। इसमें अभिनेंद्र ने तीन छक्के शामिल रहे। योगेंद्र सिंह ने 22 गेंदों पर 24 रन बनाए। इसमें एक चौका और एक छक्का शामिल रहा। बाद में बल्लेबाजी करने उतरी एमटी सुपर किंग्स के राघव ठाकुर ने 39 गेंदों पर 48 रन बनाए। इसमें एक चौका और दो छक्के शामिल थे।
राघव ठाकुर के अतिरिक्त किसी अन्य बल्लेबाज ने उनका साथ नहीं दिया। अधिकतर खिलाड़ियों ने कोई खास कौशल नहीं दिखाया। एमटी सुपर किंग्स आठ विकेट खोकर केवल 101 रन ही बना पाई। अभिनेंद्र दीक्षित की बेहतरीन पारी के लिए उन्हें देवेंद्र यादव की ओर से मैन ऑफ द मैच से पुरस्कृत किया गया। मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे आशा ट्राफी का तीसरा मुकाबला बजरंग योद्धा तथा रंगीला स्ट्राइकर टीमों के बीच खेला जाएगा।