नगर पालिका परिषद के तत्वाधान में आयोजित होने वाली शरदोत्सव प्रदर्शनी का बुधवार को भूमि पूजन के साथ आगाज हो गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ 21 जनवरी को किया जाना तय किया गया है।
पुरानी नुमाइश मैदान में लगने वाली शरदोत्सव प्रदर्शनी को लेकर सुबह से ही नगर पालिका परिषद कार्यालय में गहमा-गहमी का माहौल था। चेयरमैन नरेंद्र कौर प्रतिनिधि लालजी शुक्ला पालिका कर्मियों औैर सभासदों के साथ पुरानी नुमाइश मैदान पर पहुंचे और हवन कुंड में आचार्य ने वैदिक मंत्रों की आहुतियां देकर भूमि पूजन कराया।
चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी शुक्ला ने कहा कि पालिका परिषद की ओर से होने वाली शरदोत्सव प्रदर्शनी में सभी वर्गो के लोगों को स्वस्थ मनोरंजन प्रदान करने की व्यवस्था की गई है। मेले में बच्चों के लिए झूले व अन्य आइटम शो का आयोजन तो किया जाएगा।
वहीं महिलाओं के लिए घर के जरूरत की सभी सामानों की दुकानें स्थापित कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का शुभारंभ आगामी 21 जनवरी को किया जाना तय किया गया है।
भूमि पूजन के मौके पर पालिका परिषद के सभासद राजेश बाजपेई, राजेंद्र तिवारी, नरेंद्र तोमर, आशीष अग्रवाल, कमरुलनिशां आदि सभासदों के अलावा अवर अभियंता प्र्रेमपाल सिंह, लेखाकार हरिओम तिवारी, मनोज गुप्ता, विजय प्रजापति आदि पालिका कर्मी मौजूद रहे।