कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
नौ से 12 अगस्त तक आयोजित होने वाले शहीद स्मृति सप्ताह समारोह की तैयारी बैठक शहर के तिलक इंटर कालेज में हुई। यहां प्रेरण चित्र प्रदर्शनी, एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम के अतिरिक्त शहीदों की गाथा पर डाक्यूमेंटरी फिल्म के प्रदर्शन पर विचार किया गया।
हर साल की तरह इस वर्ष भी आजादी के जश्न से पूर्व भारत प्रेरणा मंच के तत्वावधान में शहर के तिलक इंटर कालेज में शहीद स्मृति सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए रविवार को प्रेरणा मंच ने चार दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की। तिलक इंटर कालेज में प्रधानाचार्य आंजनेय सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में शहीद स्मृति सप्ताह में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई।
जनपद में अंग्रेजों से लोहा लेने में शहीद पंडित गेंदालाल दीक्षित ने 1916 में मातृ वेदी संस्था का गठन किया था। इसी कारण शहीदी सप्ताह का आयोजन स्थल तिलक इंटर कालेज को बनाया गया। संस्था के महासचिव अविनाश अग्निहोत्री ने बताया कि नौ अगस्त को उद्घाटन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। महासचिव ने बताया कि इस बार प्रेरणा मंच की ओर से इंटेक संस्था की ओर से राजा-महाराजाओं के काल के सोने चांदी के सिक्कों की प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। प्रशासनिक बाधाएं दूर हुईं तो अंग्रेजों से लोहा लेने वाली अमर शहीदों की बंदूकों का भी प्रदर्शन किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में प्रेरणादायी चित्र प्रदर्शनी के साथ छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, विज्ञान क्लब, नक्षत्र शाला, शहीदों पर बनी डाक्यूमेंटरी फिल्म व एक शाम शहीदों के नाम कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। यहां अशोक त्रिपाठी, सलिल सक्सेना, अजय शुक्ला, सुरेंद्र नाथ पाठक, रिंकू, केके चतुर्वेदी समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।