शहर के होमगंज मोहाल स्थित श्री पोरवाल धर्मशाला में आयोजित सालिग्राम-तुलसी विवाह कार्यक्रम में दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने तुलसी मइया की विदाई की। इससे पूर्व रात भर चले विवाह कार्यक्रम में सालिग्राम-तुलसी मइया के पैर पूजने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वहीं मंडप में फेरों के दौरान भक्ति व फिल्मी गीत बजते रहे।
श्री पोरवाल धर्मशाला में रविवार को श्रीराधा कृष्ण मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान भगवान सालिग्राम व तुलसी मइया का विवाह कराया गया। पहले दिन गाजे-बाजे के साथ तुलसी मइया को बिहायने पहुंचे सालिग्राम का लड़की पक्ष के लोगों ने द्वारचार के साथ अगवानी की। बारातियों की आव भगत का दौर चला। इसके बाद विधि विधान से पूरी रात विवाह कार्यक्रम कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान देर रात मंडप में भगवान सालिग्राम व तुलसी मइया की भंवरों की रस्म अदायगी का कार्यक्रम चला। इस मौके पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने जब तक पूरे न हों फेरे सात, तब तक दुल्हन नहीं दुल्हा की के अलावा अन्य भक्ति गीत गाकर फेरे की रस्म अदायगी करवाई। वहीं सुबह की बेला में पैर पुजाई कार्यक्रम का दौर चला। जिसमें सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान सालिग्राम व तुलसी मइया के पैर पूजे व दक्षिणा दी।
इसके बाद विदाई में श्रद्धालुओं ने भींगी पलकों के साथ जयकारे लगाते हुए तुलसी मइया को विदा किया। इस मौके पर कार्यक्रम में लड़की पक्ष के प्रेम कुमार पोरवाल, विवेक पोरवाल, आनंद नाथ गुप्ता, राकेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, अनुराग गुप्ता, कमले पोरवाल के अलावा वर पक्ष के लंबू पंडित, संध्या, उपासना, नितिन पोरवाल, केके गुप्ता, भगवान पोरवाल, कृष्ण कांत सहित सैंकडों लोग शामिल रहे। वहीं आयोजक प्रेम कुमार पोरवाल ने बताया कि विवाह के उपरांत 24 नवंबर को शाम सात बजे पोरवाल धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।