सर्वे में लोगों के सैंपल लेती टीम।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। दिल्ली से आई आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च) की टीम ने शुक्रवार से जिले में सीरो सर्वे शुरू कर दिया है। सीरो सर्वे के आधार पर ही कोरोना के टीकाकरण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। सर्वे में 400 लोगों का सैंपल लिया जाएगा, साथ ही सौ स्वास्थ्य कर्मियों के भी सैंपल लिए जाएंगे।
टीम की अगुवाई कर रहे डॉ. अवी बंसल ने बताया कि टीम तीन दिन तक जिले में सर्वे करेगी। इसमें जिले के दस स्थानों का चयन किया गया है। इनमें एक स्थान से 40 लोगों का सैंपल लेकर रेंडम जांच की जाएगी। बताया कि कुल 400 लोगों पर सर्वे किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सौ लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य शरीर में एंटी बाडी टेस्ट कर समुदाय में कोरोना वायरस की संक्रामकता की व्यापकता जानना है।
ये है सीरो सर्वे
सीरो सर्वे से पता लगाया जाएगा कि कितनी आबादी कोरोना से संक्रमित हुई है। कह सकते हैं कि कितने प्रतिशत लोगों में कोरोना के प्रति हर्ड इम्यूनिटी विकसित हुई है। सीरो सर्वे में किसी क्षेत्र में रहने वाले कई लोगों के खून के सीरम की जांच की जाती है। लोगों के शरीर में कोरोना वायरस से लड़ने वाले एंटीबॉडी की मौजूदगी के साथ ही ये पता चल जाता है कि कौन संक्रमित था और ठीक हो चुका है।
यहां हो रहा सर्वे
एरवाकुइली, बंथरा, घसारा, डखनई, बेल्हूपुुर, शौरीगढ़िया, वैसुंधरा, भासौन, क्योटरा सहित औरैया के शहरी इलाकों को भी सर्वे में शामिल किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का भी सैंपल लिया जाएगा।