फोटो-09एयूआरपी 36- मौके पर जांच करती पुलिस। स्रोत:कर्मी
औरैया। शहर में नकली खाद का कारोबार खूब फलफूल रहा है। एक सप्ताह पहले पुलिस व प्रशासन ने जालौन रोड किनारे एक मकान से नकली खाद का जखीरा पकड़ा था। पांच आरोपी धरे गए थे। साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस जगह-जगह छापे डाल रही है। मंगलवार को पुलिस ने भीखमपुर में नकली खाद की गोदाम का एक और ठिकाना पकड़ा है। यहां से 208 बोरी नकली डीएपी खाद की बोरी बरामद की गई है। यह पहले पकड़ी गई खाद की हूबहू है। कृषि अधिकारी ने नकली खाद होने की पुष्टि की। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को पकड़ा भी है।
जालौन रोड किनारे एक सप्ताह पहले पुलिस ने नकली डीएपी खाद की 1000 बोरियां बरामद की थी। इस मामले में मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजा था। पूछताछ के आधार पर पुलिस लगातार नकली खाद की जड़ों को तलाश रही है। आरोपियों की निशानदेही पर अपराध निरीक्षक सत्यप्रकाश ने मंगलवार की शाम शहर से सटे भीखमपुर में एक मकान पर छापा डाला। यहां मकान के बेसमेंट में खाद की बोरियां मिलीं। सूचना पर जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा पहुंचे।
खाद की जांच करते हुए जिला कृषि अधिकारी ने इसे नकली पाया। मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं यह कवायद पूरी होने के बाद आरोपियों पर फिर से रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। आरोपियों से की गई फौरी पूछताछ में सामने आया है कि नकली खाद कारोबारियों ने जालौन रोड किनारे एक मकान में बनाए गए गोदाम से यहां सप्लाई भेजी थी। ऐसे में आशंका यह जताई गई कि आरोपियों ने भीखमपुर में नकली खाद का दूसरा गोदाम बनाया था। एसपी अभिजित आर शंकर ने बताया कि भीखमपुर में नकली खाद की 208 बोरियां एक मकान के बेसमेंट से बरामद की है। मामले में कृषि विभाग को भी जांच के लिए बुलाया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।