बेला। कानपुर मार्ग पर बुधवार शाम बाइक सवार जीजा-साली को टक्कर मारकर भागने वाली स्कार्पियो की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने पर आरोपी स्कार्पियो साफ नजर आ रही है। हालांकि, धुंधली फुटेज के कारण गाड़ी का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस टीम विभिन्न तकनीकों की मदद से नंबर ट्रेस करने और चालक को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
बिधूना कोतवाली के गांव सरैया निवासी अजय सिंह उर्फ अंजू (46) अपनी साली रूबी सेंगर (38) के साथ अकबरपुर में बीमार मामा को देखकर लौट रहे थे। तभी कानपुर रोड पर बेला की तरफ से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी थी। अस्पताल ले जाते समय अजय सिंह ने दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल रूबी का कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब अजय का शव गांव पहुंचा तो परिजन बिलख पड़े। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि चालक की तलाश में पुलिस लगी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।