फोटो-11- बस की नीचे घुसी बाइक। स्रोत:राहगीर
दिबियापुर। कस्बा स्थित ओवरब्रिज हाइटगेज के पास सोमवार सुबह एक अनियंत्रित स्कूल बस ने दो बाइक और एक कार में टक्कर मार दी। हादसा बस के ब्रेक फेल होने से हुआ। हादसे में देवकली मंदिर से जलाभिषेक कर लौट रहे दो कांवड़ियों सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्कूल बस जैसे ही ओवरब्रिज हाइटगेज के पास पहुंची, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक के नियंत्रण खोते ही बस ने आगे चल रही गाड़ियों में टक्कर मार दी। कांवड़ियों की दोनों बाइक बस के नीचे जा घुसीं। हादसे में सहायल के पूरा कला निवासी नंदराम राजपूत (32) और शिवांशु राजपूत उर्फ रवि (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने दोनों घायल कांवड़ियों को सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया।
वहीं, हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों की लाइन लग गईं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह व उपनिरीक्षक अरुण कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने बस, कार और क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो-11- बस की नीचे घुसी बाइक। स्रोत:राहगीर