औरैया। लॉकडाउन के बाद 23 नवंबर से कालेजों के खुलने का आदेश मिलते ही तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को कालेजों को सैनिटाइज कराने का काम शुरू कर दिया गया। थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइज के बाद कालेजों में छात्रों को प्रवेश देने की रूपरेखा बनाई गई है। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। कालेज प्रशासन ने बताया कि कोरोना संक्रमण के प्रति लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा।
लॉकडाउन के बाद शासन ने 23 नवंबर से कालेज खुलने के आदेश शर्तों के साथ किए हैं। इसको लेकर कालेज प्रशासन ने तैयारियां शुरू करा दी हैं। शहर स्थित कालेजों में शुक्रवार को कमरों और कालेज परिसर को सैनिटाइज करने का काम किया गया।
शहर स्थित तिलक महाविद्यालय में कमरों को सैनिटाइज किया गया। वहीं शहर में स्थित श्रीगुलाब सिंह महाविद्यालय व आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कालेजों में भी यही स्थिति देखने को मिली। कालेज प्रशासन ने बताया कि 50 फीसदी छात्रों को बुलाने के आदेश हुए हैं। सभी छात्रों को क्रमवार तरीके से कालेज बुलाया जाएगा और कक्षा में दो गज की दूरी पर बैठाया जाएगा। कालेजों में छात्रों को प्रवेश से पहले उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ ही सैनिटाइज भी किया जाएगा।
कालेज खुलने पर कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जाएगी। संक्रमण को देखते हुए छात्रों से सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा।
-अविनाश चंद्र गुप्ता, प्राचार्य, तिलक महाविद्यालय