औरैया। युवती से धोखाधड़ी कर डेबिट कार्ड बदलकर दो उचक्कों ने कानपुर व दिल्ली समेत कई स्थानों पर जाकर खाते से रुपये निकाले। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। बैंक से सीसीटीवी फुटेज निकालकर पुलिस को दिए। पीड़िता ने बताया कि पिता ने एलआईसी से ऋण लेकर उसकी शादी के लिए खाते में रुपये जमा किए थे।
अयाना क्षेत्र के गांव मुड़ी निवासी नीतू ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि 23 जनवरी को वह मां और भाई के साथ पंजाब नेशनल बैंक की औरैया शाखा से रुपये निकालने आई थी। मां ने खाते से 50 हजार रुपये निकाले। पिता का एटीएम लेकर वह मशीन से रुपये निकालने गई थी। भीड़ ज्यादा थी। इस दौरान दो युवकों ने कैनरा बैंक के एटीएम पर भीड़ न होने की बात कही।
वह कैनरा बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंची तो पीछे से वह युवक भी वहां आ गए। बताया कि उसने 10 हजार रुपये निकाले। युवकों ने अपना डेबिट कार्ड में दिक्कत आने की बात कही। युवकों ने धोखाधड़ी कर कार्ड की अदला-बदली कर ली। इन युवकों ने कानपुर के पनकी, रामादेवी, गाजियाबाद और दिल्ली में एटीएम से रुपये निकालकर खाता खाली कर दिया। बताया कि पिता ने उसकी शादी के लिए एलआईसी से लोन लेकर खाते में रुपये जमा किए थे। खाते से रुपये निकलने की जानकारी होने वह बैंक गए और अधिकारियों को पूरी जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि एसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फुटेज में नजर आने वाले युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है।