सहायल। सौंथरा अड्डा से शिवगंज को जाने वाला मार्ग खस्ताहाल है। चार किलोमीटर के दायरे में सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। गिट्टियों के ऊपर से बाइक निकलने पर फिसलने का खतरा हर समय बना हुआ है।
स्थानीय लोग काफी समय से इस सड़क की मरम्मत किए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है।
सौंथरा अड्डा से शिवगंज को जाने वाला चार किमी रास्ता 12 गांवों को जोड़ता है। यहां से हर रोज बड़े पैमाने पर ग्रामीण निकलते हैं। सड़क खस्ताहाल होने की वजह से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इस समय मार्ग पर सिर्फ गड्ढे ही नहीं है। सड़क की गिट्टी उखड़ चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग सौंथरा अड्डा से शिवगंज गांव तक जाता है। उखड़ी पड़ी गिट्टी के चलते छोटे बड़े वाहनों को निकलने में हादसा होने का खतरा बना रहता है। आए दिन लोग चोटिल भी हो रहे हैं।
इस मार्ग पर शिवगंज, भिखनी पूर्वा, सौंथरा, पुरवा वक्सा, छमा पुरवा समेत 12 गांव आते हैं। ग्रामीण गुड्डन पाल, प्रदीप कठेरिया, शिवम यादव, रामपाल सिंह, सोनू भदौरिया, पुष्पेंद्र सिंह, शिवम सिंह ने बताया की यह मार्ग करीब 10 वर्षों से खराब पड़ा हैं। चार किमी का सफर जोखिम भरा है। आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल होते हैं।
सौंथरा पंचायत के प्रधान हरिकेश सिंह ने बताया की इस मार्ग पर कई बार स्वयं से मरम्मत कराई है। कई बार विभाग को भी अवगत कराया है लेकिन सड़क को दुरुस्त नहीं किया जा सका है।
-
टीम को भेजकर सड़क का निरीक्षण कराया जाएगा। जो भी जरूरी काम होंगे, उन्हें कराया जाएगा।
-अमर सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी
कुसमरा-गुमानी पुरवा मार्ग दो किमी जर्जर
रुरुगंज। कस्बा क्षेत्र के गांव कुसमरा-गुमानी पुरवा मार्ग की हालत इन दिनों बहुत खराब हो चुकी है। करीब दो किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है। उखड़ी पड़ी गिट्टी राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है।
ग्रामीण रिक्की सेंगर, आशु, पिंटू सेंगर, लालजी आदि ने बताया कि इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा है। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं कराया गया।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता प्रमोद प्रकाश ने बताया कि गड्ढा मुक्त अभियान के तहत इस सड़क पर पेचवर्क कराया जाएगा। (संवाद)
फोटो-25- कुसमरा-गुमानी पुरवा मार्ग की हालत। संवाद