- सुधार न होने पर पंचायत सचिव को निलंबित करने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई/संडीला/बेहंदर। छुट्टा मवेशियों को संरक्षित किए जाने और संचालित गोशालाओं का गुरुवार को नोडल अधिकारी खाद्य एवं रसद विभाग के विशेष सचिव को कई गोशाला में अव्यवस्था मिली। इस पर उन्होंने संडीला की ईओ, पशु चिकित्साधिकारी सहित चार से जवाब-तलब करने के निर्देश दिए। कहा कि मलहेरा के पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर सुधार का मौका दिया जाएगा। सुधार न होने पर निलंबन करें।
नोडल अधिकारी मार्कंडेय शाही दो दिवसीय भ्रमण पर गुरुवार को यहां पहुंचे। उन्होंने विकास भवन सभागार में बैठक कर छुट्टा मवेशियों के संरक्षण की जानकारी ली। संरक्षण के लिए किए गए प्रयास की प्रशंसा और चरागाह की टैगिंग को अच्छा काम बताया। उन्होंने संडीला नगर पालिका परिषद में कान्हा गोशाला में साफ-सफाई बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
इस पर संडीला की अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, मलेहरा गोशाला में केयरटेकर के लिए रहने की उचित व्यवस्था न होने पर बीडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। ग्राम विकास अधिकारी को नोटिस जारी करने और व्यवस्था में सुधार न होने पर निलंबन के निर्देश दिए।
उन्होंने बेहंदर विकास खंड की जरहा गोशाला की व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर की। बेनीगंज की कान्हा गोशाला की व्यवस्था की सराहना की। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एसडीएम डॉ. दिव्या मिश्रा, स्वाती शुक्ला, धीरेंद्र श्रीवास्तव, नारायण सिंह और अभिषेक सिंह, सीवीओ डॉ. आरपी शर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे।