संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलों में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। तीनों तहसीलों में 255 फरियादी शिकायतें लेकर पहुंचे। इसमें से अधिकारियों ने मौके पर 42 शिकायतों का निस्तारण कराया। अधिकारियों के सामने सबसे ज्यादा शिकायतें,बिजली, पानी, सिंचाई, सम्मान निधि, आवास से संबंधित रही। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस बिधूना तहसील में आयोजित हुआ। यहां पर एडीएम न्यायिक अब्दुल बासित, एसडीएम निशांत तिवारी ने शिकायतों को सुना। सदर तहसील में एसपी चारु निगम, सीडीआे अनिल कुमार सिंह, एसडीएम अखिलेश कुमार मौजूद रहे। वहीं अजीतमल में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र पाल सिंह ने एसडीएम संध्या शर्मा के साथ शिकायतें सुनी। अधिकारियों ने पूर्व में दर्ज हुई शिकायतों को लेकर जानकारी जुटाई। कुछ अधिकारियों के समय से न पहुंचने पर हिदायत दी। सदर तहसील में सीडीआे अनिल कुमार ने राजस्व , विकास विभाग से जुड़ी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
-केस-1
मृत दिखा साहब रोक दी सम्मान निधि
सदर तहसील में शिकायत लेकर पहुंचे भाग्यनगर ब्लाॅक के चिरैयापुर निवासी लालता प्रसाद ने अधिकारियों के सामाने सम्मान निधि न मिलने का दुखड़ा रोया। बताया कि उन्हें पहले योजना का लाभ मिलता था। मगर बीच में सत्यापन के दौरान अधिकारियों ने उसे अभिलेखों में मृत दिखा कर सम्मान निधि रोक दी। यह सुनते ही अधिकारियों का पारा चढ़ गया। संबंधित कृषि व ब्लाॅक के कर्मचारियों को समस्या निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। दोबारा से ऐसे मामले सामने न आएं इसके लिए हिदायत भी दी गई।
-
केस-2
बिना जांच के शिकायत कर दी निस्तारित
अजीतमल तहसील में सेंगनपुर निवासी सुशील कुमार ने प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि पिछले संपूर्ण समाधान दिवस में पीएम आवास की सूची से नाम हटाए जाने की शिकायत की थी। अधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि बिना जांच पड़ताल किए ही उसकी शिकायत निस्तारित कर दी गई। बताया कि वह पात्र है आैर उसे योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है।
-
केस-3
छह माह से नहीं वितरित किया पुष्टाहार
अजीतमल तहसील में शिकायत लेकर पहुंचे सरांय अनंतराम निवासी सुनील कुमार ने एडीएम एमपी सिंह से कहा कि उनके बच्चे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने जाते हैं। पिछले छह माह से बच्चों को पोषाहार वितरित नहीं किया गया है। कई बार इसको लेकर शिकायत की, मगर समस्या दूर नहीं कराई जा सकी है। इस पर अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए।
खेतों की रखवाली करते तो पुलिस बंद कर देती
बिधूना तहसील में अन्ना मवेशियों से परेशान होकर सहार ब्लाॅक के पिपरौली शिव पुर्वा के वंश गोपाल के काफी ग्रामीणों के साथ पहुंचे। बताया कि अन्ना मवेशी फसलों को चट के बर्बाद कर रहे हैं। रात में खेतों की रखवाली करने के दौरान उन्हें पुलिस पकड़ कर थाने ले आती है। कहा कि साहब पुलिस बचे कि फसलों की रखवाली करें। इस पर अधिकारियों ने पुलिस को परेशान न करने के निर्देश दिए।