पंचायत चुनाव के तहत प्रधानी चुनाव के लिए वोट कटवाने और बढ़वाने की प्रक्रिया जारी हो गई है। इसके चलते तहसील में लोगों की भीड़ जुट रही है। वोट बढ़वाने के क्रम में प्रधान भी ग्रामीणों की मदद में लगे हैं। वहीं बीएलओ वोट संशोधन प्रक्रिया से अपने को दूर करने की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर वोट वढ़वाने के लिए फरियादियों की लंबी लाइनें लगी रहीं।
इसके चलते तहसील में अन्य कार्य के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तहसील में वोट बढ़वाने पहुंचे राम सुखलाल, बेटा लाल, प्रेमादेवी, राजरानी, देवदत्त, जितेंद्र कुमार, मीरादेवी, मन सुखलाल आदि ने बताया कि वह लोग गांव में ही रह रहे हैं फिर भी उनके वोट काट दिये गये हैं। ऐसा राजनीतिक दबाव के कारण हो रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से वोट बढ़वाए जाने की मांग की है। तहसील में मौजूद बीएलओ पंकज, आलोक कुमार, संजय ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से सभी के वोट बढ़ाने के निर्देश है। उन्हें वोट संशोधन कार्य में दबाव झेलना पड़ता है।