फोटो-20-मैच में प्रतिभा का प्रदर्शन करते खिलाड़ी।संवाद
बिधूना। रुरुगंज स्थित राधा कृष्ण स्टेडियम पर आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को दो लीग मैच खेले गए। पहले मुकाबले में रुरुखुर्द ने 13 रनों से व दूसरे मुकाबले में सरायखाती ने 105 रनों से मैच जीत लिया।
लीग मैच के पहले मुकाबले में रुरुखुर्द और चिंता नगला की टीमें आमने-सामने रहीं। रुरुखुर्द ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। जानू ने 71 और राजा ने 13 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 109 रनों तक पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिंता नगला की टीम के ओपनर अंकित चौहान 28, पेनू 20 व कोकू ने 12 रनों की पारी खेली।
इसके बाद अन्य कोई खिलाड़ी क्रीज पर नहीं टिक सका। टीम 95 रन ही बना सकी। इससे रुरुखुर्द टीम ने 13 रनों से मैच जीत लिया। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जानू तोमर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला पसुआ और सरायखाती की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सरायखाती की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रनों का लक्ष्य खड़ा कर दिया। इसमें अजय ने 14 छक्कों की मदद से 105 रन, शैलेष ने 41 व पंकज ने 10 रनों की पारी खेली। पसुआ टीम के बॉलर एक भी विकेट नहीं ले सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पसुआ की टीम 10 ओवर में सिर्फ 105 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पसुआ के एक खिलाड़ी गुड्डा ने सिर्फ 17 रनों का योगदान दिया। अच्छा प्रदर्शन करने पर सरायखाती टीम के खिलाड़ी अजय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत से सरायखाती व रुरुखुर्द की टीमों ने अपने दोनों लीग मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।
इस मैच का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य अवनेश कुमार उर्फ लल्लू ने किया। इस मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।