औरैया। एटा जिले के विजैयदेपुर गांव निवासी एक युवक ने गलती से दूसरे के खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में एटा जिले के गांव विजैयदेपुर निवासी दुर्वेश कुमार पुत्र कुंवर पाल ने बताया कि वह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वह अपने परिजनों को ऑनलाइन रुपये भेजता है। गत तीन फरवरी को बहन के खाते में ऑनलाइन 12 हजार रुपये हस्तांतरित करने के दौरान एक-दूसरे परिचित युवक के मोबाइल नंबर पर रुपये हस्तांतरित हो गए। जब उसने उक्त व्यक्ति को फोन करके गलती से रुपये हस्तांतरित होने की बात कह रुपये वापस मांगे तो उसने खाते में रुपये आने की बात से साफ इनकार कर दिया। इस पर वह अपने बैंक ऑफ इंडिया पहुंचा। जहां उसने बैंक अधिकारी को पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी। जिस पर बैंक कर्मचारी ने उससे उक्त युवक के खाते का स्टेटमेंट मंगवाया। जब उसने फोन से संबंधित व्यक्ति से उसके खाते का स्टेटमेंट मांगा तो वह गालियां देने लगा। पीड़ित ने पुलिस से संबंधित व्यक्ति का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई कर न्याय करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने पीड़ित युवक की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।