फोटो 27 एयूआरपी 42- घटना के बाद पेट्रोल पंप पर लगी भीड़ एवं मौजूद पुलिस बल ।
पेट्रोल पंप पर सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर एवं सेल्समैन के बीच जमकर मारपीट
-दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लगाए मारपीट एवं लूटपाट के आरोप, कार में हुई तोड़फोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर (औरैया)। सोमवार को दोपहर वारसी पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने पहुंचे सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर एवं सेल्समैन के बीच कहासुनी एवं विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट एवं लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को दोपहर कलक्टरी रोड दिबियापुर निवासी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर नत्थू सिंह यादव अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने वारसी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पेट्रोल डलवाने के दौरान सेल्समैन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने आरोप लगाया कि इस बीच नत्थू सिंह ने अपने परिजनों को बुलवा लिया। परिजनों के पहुंचने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। नत्थू सिंह के परिजनों की कार में तोड़फोड़ भी हुई। दरोगा मूलेंद्र सिंह ने पहुंचकर किसी प्रकार बीच बचाव किया। दोनों पक्षों के पांच लोगों को पुलिस थाने ले आई। दरोगा जितेंद्र कुमार एवं दरोगा मूलेंद्र सिंह ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला के अनुसार प्रथम दृष्टया आपसी विवाद के बाद मारपीट का मामला है। अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।