बिधूना। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा मलखान निवासी एक महिला के खाते से फोन कॉल आने के बाद चार बार में 47400 रुपये कट गए। पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को दी है, जिसके बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा मलखान निवासी विनीता देवी पत्नी अमित कुमार ने देर शाम कोतवाली पहुंचकर बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई थी। कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से चार बार में कुल 47400 रुपये कट गए। खाते से रकम कटने के मैसेज आने पर वह घबरा गईं और तत्काल परिजन को जानकारी दी। सूचना दिए जाने पर पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला साइबर फ्रॉड का प्रतीत हो रहा है। साइबर सेल को सूचना भेज दी गई है। खाता बंद करा दिया गया है। खाते की डिटेल के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। (संवाद)