बेला। बिधूना रोड स्थित कसहरी संपर्क मार्ग पर बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों ने लिफ्ट देने के नाम पर किसान से रास्ते में हजारों रुपये लूट लिए। लुटेरों को पकड़ने के प्रयास में वृद्ध के हाथों एक बैग लगा, जिसमें एक लुटेरे का आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज कर वृद्ध को घर भेज दिया।
बेला थाना क्षेत्र के कसहरी गांव निवासी किसान रमेश सिंह ने बताया कि वह लखनऊ में बेटे बृजेंद्र से मिलकर रविवार को घर लौट रहे थे, उनके पास में 35 हजार रुपये थे। बेला में ऑटो से उतरकर वह गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर पैदल चलने लगे। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने लिफ्ट देकर बाइक में बैठा लिया।
सुनसान जगह पर बाइक रोककर युवकों ने ऊपर की जेब में रखे साढ़े नौ हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर मारपीट कर दोनों बाइक सवार भागने लगे। वृद्ध ने पकड़ने का प्रयास किया तो छीनाझपटी में उसके हाथ में एक लुटेरे का बैग आ गया। लुटेरे बैग को छोड़कर बिधूना की तरफ भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध से पूछताछ की और बरामद बैग की तलाशी ली।
बैग में एक युवक का आधार मिला, जिसे वृद्ध ने पहचान लिया। वृद्ध ने मामले की तहरीर बेला थाने में दी। आरोप है कि पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज किए ही वृद्ध को घर भेज दिया। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि बरामद बैग से एक लुटेरे का आधार कार्ड मिला है। कार्ड में लगी फोटो बाइक सवार एक युवक की है, जिसे वृद्ध ने पहचान लिया है। तहरीर लेकर बाइक सवार लुटेरों की तलाश की जा रही है।