औरैया। जनपद के पड़ोसी जिले मैनपुरी के लिए डिपो से एक बस का संचालन शुरू कर दिया गया। अब इस रूट पर और भी बसें बढ़ाई जाएगी। सालों पहले इस रूट पर चार बसों का संचालन होता था लेकिन राजस्व घाटे की वजह से साल दर साल बसों का संचालन रोका जाता गया।
शहर स्थित रोडवेज डिपो से 65 बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया जा रहा है। बुधवार को मैनपुरी के लिए एक बस की शुरुआत की गई है। यह बस औरैया से चलकर दिबियापुर व उसके बाद रामगढ़ होते हुए बिधूना पहुंचेगी। यहां से किशनी और फिर बेवर होते हुए मैनपुरी जाएगी। रात में ठहराव लेकर अगले दिन फिर से ये बस वापसी करेगी। 210 किलोमीटर के इस रूट पर पिछले कुछ दिनों से यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब रोडवेज का यह प्रयास दो जिलों के साथ ही पांच कस्बों व कई गांवों को जोड़ेगा।
एआरएम अपर्णा मीनाक्षी ने बताया कि मैनपुरी के लिए बस सेवा शुरू कराई गई है। क्षेत्र में इसे लेकर प्रचार प्रसार भी कराया जा रहा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही और बसों का भी इस रूट पर इजाफा किया जाएगा।