रुरुगंज। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर पुराह नदी के समीप स्थित साहूपुर पुलिया पर क्षतिग्रस्त है। सुरक्षा दीवार और रिफ्लेक्टर के अभाव में सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खासकर रात के समय पुलिया स्पष्ट दिखाई नहीं देती जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गांव के लोगों के अनुसार पुलिया के डिवाइडर टूटे पड़े हैं और रिफ्लेक्टर न होने से रात में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का सही अंदाजा नहीं लग पाता।
ग्रामीणों ने बताया कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में पुलिया की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। इसे लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से अनदेखी की जा रही है।
-
पीडब्ल्यूडी जल्द कराए मरम्मत
पुलिया पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त न होने से हादसों का खतरा बना रहता है। लोक निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त डिवाइडर की शीघ्र मरम्मत कराए और पुलिया पर रिफ्लेक्टर लगवाए ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
-कलीम, ग्रामीण
-
सर्दी में घने कोहरे के कारण सकरी पुलिया दिखाई नहीं देती है। इससे हादसों की आशंका और प्रबल हो जाती है। जिला प्रशासन को इस पुलिया को अतिशीघ्र दुरुस्त कराया जाना चाहिए।
-औसान सिंह, ग्रामीण
-
क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण का टेंडर हो चुका है। मौसम खराब होने के कारण फिलहाल काम नहीं हो पा रहा है। मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कराया जाएगा।
- सुशील कुमार पटेल, जेई पीडब्ल्यूडी
फोटो -11- क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरते वाहन। संवाद
फोटो -11- क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरते वाहन। संवाद