दिबियापुर। इटावा में 20 व 21 दिसंबर को आयोजित जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में गेल डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में रियांशी गर्ग ने अंडर-15 बालिका वर्ग में विजेता बनने के साथ-साथ ओपन महिला एकल तथा महिला युगल वर्ग में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर हैट्रिक जीत दर्ज की।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं ओपन वर्गों में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए। इसमें रियांशी ने शानदार जीत दर्ज कराई। उधर, अंडर-15 बालक वर्ग में सुधांशु मन सक्सेना ने दमदार खेल से प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त ओपन युगल वर्ग में उन्होंने उपविजेता बनकर विद्यालय को एक और उपलब्धि दिलाई।
अंडर-11 बालक वर्ग में नक्ष धाकड़ ने उत्कृष्ट तकनीक और संयम के साथ खेलते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, अंडर-13 वर्ग में अर्नव गुप्ता ने विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अर्नव ने ओपन युगल वर्ग में उपविजेता रहकर दोहरी सफलता अर्जित की।
इन शानदार उपलब्धियों पर प्रधानाचार्या प्रियंका गौर ने खेल विभाग के शिक्षकों व सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास एवं विद्यालय की तरफ से प्रदान किए गए उत्कृष्ट खेल वातावरण का परिणाम है।