फोटो-37- खेत की रखवाली कर रहे किसान। संवाद
दिबियापुर। भाग्यनगर ब्लॉक के गांव झावरपुरवा के एक परिवार के लोगों ने डीएम व जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायती पत्र देकर खेतों की पैमाइश व चिह्नांकन कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मामले में डीएम द्वारा सदर एसडीएम व राजस्व आपदा विभाग को शिकायत अग्रसारित कर दी गई है।
डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में गांव के श्याम सुंदर, राजेंद्र प्रसाद, कप्तान सिंह व हाकिम सिंह ने बताया कि उन लोगों की भूमि मौजा जमुहां में स्थित है। पड़ोसी ने अपनी जमीन एक प्रॉपर्टी डीलर को विक्रय कर दी है। प्रॉपर्टी डीलर के द्वारा इस भूमि का प्लाटों में विक्रय कर दिया गया है।
इन प्लॉटों को खरीदने वालों का एससी की जमीन होने के कारण दाखिल खारिज नहीं हो सका है। इससे यह भूमि नेट पर विक्रेता की लड़की व लड़कों के नाम विरासत में दर्ज दिख रही है।
इसी कारण उक्त लोग विरासत में प्राप्त भूमि के साथ उनकी भूमि पर भी कब्जा कर विक्रय करना चाह रहे हैं। इससे वह लोग परेशान हैं और अपनी भूमि बचाने के लिए रात में खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।