दिबियापुर। गेल पाता में तैनात लैब कैमिस्ट की आत्महत्या के मामले में 16 दिन बाद प्रेमिका व उसके माता पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाकर दो लाख हड़पकर 10 लाख की और मांग की। रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी, जिससे आहत लैब केमिस्ट ने जान दे दी। सहार थाना क्षेत्र के भंडारिया निवासी धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि भतीजा कमल कुमार पाता प्लांट में लैब कैमिस्ट था। भतीजे की तीन साल पहले बिधूना के खरकपुर भिखरा निवासी रोली से पहचान हुई थी। रोली ने उसकी मुलाकात अपने पिता वीरेंद्र सिंह व अपनी मां से कराई थी।
रोली के माता-पिता ने भतीजे से शादी करने की इच्छा जताई थी। फिर उन्होंने भतीजे से 2 लाख रुपये उधार ले लिए। इसके बाद भतीजे से रोज बातचीत करने लगे। इन तीनों ने भतीजे को दिल्ली बुलाया और दस लाख रुपये की और मांग की। न देने पर रोली से दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी। इससे भतीजा अवसाद में रहने लगा।
18 मई की रात उसने फफूंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। प्रभारी निरीक्षक रुद्र नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर प्रेमिका व उसके माता पिता पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।