दिबियापुर। वाहन की टक्कर से युवक की मौत के बाद जाम लगाने वाले सात नामजद समेत 67 लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जाम लगाने वाले सभी आरोपी कंचौसी मोड़ के समीप गांव सुजानपुर के हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
उपनिरीक्षक दलवीर सिंह ने दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि तीन अप्रैल शाम आठ बजे श्रीराम ढावा कंचौसी मोड़ के पास सुजानपुर निवासी रवि कुमार पुत्र रामाधार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसकी सूचना पर वह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे थे। यहां गांव सुजानपुर निवासी राजू , रामनरेश, राहुल, अनिल कुमार, राहुल सिंह, रवि कुमार सिंह, सुनील कुमार व 60 अज्ञात महिला पुरुष, मृतक के शव को बीच सड़क पर रखे थे। लकड़ी, ईंट पत्थर डालकर दिबियापुर-औरैया राजमार्ग जाम कर दिया था। इससे आने जाने वाले राहगीरों व वाहन चालकों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। तहरीर में बताया कि उन्होंने काफी समझाया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। राहगीरों में भय के कारण भगदड़ मच गई और अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। उच्च अधिकारियों के पहुंचने पर व मुश्किल से जाम खुल सका। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। बताया कि मौके पर वीडियो भी बनाया गया। थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि रवि कुमार ककोर से मजदूरी कर घर लौट रहा था। कंचौसी मोड़ के पास सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की थी।