औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर हुए सड़क हादसे में निजी बस चालक मौत के मामले में पुलिस ने वैन चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है। हादसा गांव भाऊपुर के सामने रविवार रात आठ बजे हुआ था। इससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे की एक लेन पर शव रखकर जाम कर दिया था। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए और उसका अंतिम संस्कार किया।
सदर कोतवाली के गांव भाउपुर निवासी दिलीप पाठक (45) पुत्र रमेश पाठक प्राइवेट बस के चालक थे। पांच अक्तूबर की रात आठ बजे गांव के सामने किसी काम से बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर गए थे। वहां से वापस आते समय हाईवे पार करने के दौरान इटावा की तरफ से आई तेज रफ्तार वैन चालक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी पाकर आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने शव को इटावा-कानपुर लेन में रखकर जाम लगा दिया था। इस जाम में कानपुर देहात के दो अधिकारी करीब 30 मिनट तक फंसे गए थे, हालांकि पुलिस ने पहुंचकर परिजन को समझाकर शांत कर दिया था।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। बाद में गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, छोटे भाई मनोज पाठक की तहरीर पर अज्ञात वैन चालक क खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। अपराध निरीक्षक सत्यप्रकाश ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से वैन की पहचान की जा रही है।