औरया। अछल्दा कस्बा के नहर बाजार में पसैया रोड पर संचालित प्रेम हॉस्पिटल में 20 सितंबर को प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन माह बाद इलाज में लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
महिला के ससुर पसैया गांव निवासी रामसेवक ने थाना में महिला की मौत पर अस्पताल संचालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाने के लिए शिकायती पत्र दिया था। लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय के आदेश पर प्रेम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। ससुर ने बहू को प्रसव के दौरान ऑक्सीजन की जरूरत होने के बावजूद ऑक्सीजन न लगाने व इससे उसकी मौत होने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रेम हॉस्पिटल को उस वक्त सील कर दिया था। अछल्दा थाना प्रभारी संतप्रकाश ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।