ऐरवाकटरा। उमरैन कस्बे में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पुल के नीचे रोडवेज बस को रोक कर परिचालक से लूट करने के दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पास से मशीन व रुपयों भरा थैला बरामद न कर सकी। पुलिस अन्य आरोपियों व लूटे गए सामान की तलाश में लगातार दबिश डाल रही है।
बस परिचालक के साथ मारपीट कर हुई लूट के मामले में एएसपी समेत कई टीमों ने रातभर क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन की मदद से देर रात दो आरोपी अजय दुबे व हिमांशु उर्फ पतरौल निवासी उमरैन को कस्बे के बाहर एक चक्की से गिरफ्तार कर लिया, दोनों सगे भाई है।
एएसपी दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि हिमांशु सोमवार को कानपुर से दिल्ली जा रही विकास नगर डिपो में बैठा था। उसने सिर्फ बिधूना तक का टिकट खरीदा था। वह बिधूना न उतर कर 24 किलोमीटर आगे उतरा।
इस पर परिचालक आसिफ मोहम्मद ने उससे 24 किलोमीटर का अतिरिक्त किराया मांगा। इसी बात पर वह बहस करने लगा। इसी बीच हिंमाशु ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। बस जैसे ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के उमरैन पुल के नीचे पहुंची तभी दो कार सवार छह-सात लोगों ने बस को रोक कर परिचालक से मारपीट कर टिकट कलेक्शन के रुपये व टिकट काटने वाली मशीन लूट ली।
सवारियों के विरोध करने पर आरोपियों ने उनसे भी अभद्रता की। इस मामले में परिचालक की तहरीर पर दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ लूट, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखा गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।