दिबियापुर। दिबियापुर क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित आशा ट्रॉफी के लिए तीसरा क्रिकेट मैच रंगीला स्ट्राइकर व बजरंग योद्धा टीमों के बीच खेला गया। रंगीला स्ट्राइकर के खिलाड़ियों ने यह मुकाबला सात विकेट से जीत लिया।
जनता महाविद्यालय सेहुद के मैदान में चल रहे आशा ट्रॉफी के लिए क्रिकेट मैच में मंगलवार को बजरंग योद्धा के कप्तान अक्षय शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बजरंग योद्धा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 92 रन बना पाए।
बजरंग योद्धा की ओर से सर्वाधिक रन खालिद ने बनाए। खालिद ने 18 गेंदों पर 21 रन बनाए। इसमें एक चौका और एक छक्का शामिल है। क्षेत्र रक्षण में लगी रंगीला स्ट्राइकर की टीम की ओर से विक्रम चौहान ने तीन ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट तथा धर्मेंद्र त्रिपाठी ने तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके।
बाद में बल्लेबाजी करने उतरी रंगीला स्ट्राइकर की टीम ने 12 ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। सचिन तिवारी ने 15 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली तथा धर्मेंद्र ने 34 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। रंगीला स्ट्राइकर के खिलाड़ी धर्मेंद्र त्रिपाठी के अच्छे प्रदर्शन के कारण धीरज शुक्ला ने सर्टिफिकेट व मेडल से पुरस्कृत किया। बुधवार को एसएचएफ वॉरियर्स तथा राहुल राइजर्स के मध्य मुकाबला सुबह 11:00 बजे से खेला जाएगा।