बेला। थानाक्षेत्र में सुग्रीव दोहरे की हत्या के मामले में पुलिस ने बर्रु कुलासर मोड़ की पुलिया के पास आरोपी रामनिवास दोहरे को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अवनीश कुमार निवासी गढ़िया सकरहनी थाना तालग्राम कन्नौज ने पुलिस को बताया था कि उसका छोटा भाई सुग्रीव दोहरे (28) पहले बिजली का काम करता था। करीब चार-पांच माह से गुरुग्राम में काम कर रहा था। सुग्रीव की दोस्ती रिंकी पत्नी रामनिवास दोहरे निवासी गहलौतन पुरवा थाना तिर्वा से थी। जबकि गांव के धर्मवीर दोहरे निवासी गढ़िया सकरहनी की भी रिंकी से पहले से दोस्ती थी। धर्मवीर को रिंकी और सुग्रीव की दोस्ती पसंद नहीं थी।
30 मार्च को सुग्रीव गुरुग्राम से वापस घर के लिए निकला था, लेकिन अपने घर नहीं पहुंचा था। बीते एक अप्रैल की शाम रामनिवास दोहरे और धर्मवीर दोहरे ने साजिश करके सुग्रीव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे घायल अवस्था में बेला क्षेत्र के तिर्वा रोड के किनारे डाल दिया गया था।
बीते दो अप्रैल को सुग्रीव का शव मिला था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पोस्टमार्टम कराया था। भाई की तहरीर पर रामनिवास दोहरे व धर्मवीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह और उपनिरीक्षक ब्रज भूषण तिवारी की टीम ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।